वाराणसी : अधीक्षण अभियंता ने गांव में लगाई जनचौपल, गंगा सोता कटान की समस्या जानी, कटान रोकने को सिंचाई विभाग तैयार करेगा प्रस्ताव
वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक के ढाब क्षेत्र में गंगासोता के किनारे लगातार बढ़ रहे कटान से ग्रामीणों की चिंता गहराती जा रही है। इसी गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से शुक्रवार को रामचन्दीपुर गांव में चौपाल आयोजित की गई। चौपाल का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता ई. ज्ञानचंद सिंह ने किया, जिन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं विस्तार से सुनीं।
चौपाल के दौरान अधीक्षण अभियंता ने बताया कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के निर्देश पर विभागीय टीम क्षेत्र में पहुंची है। ग्रामीणों से गंगासोता कटान से प्रभावित प्रमुख स्थानों की जानकारी एकत्र की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बस्ती और आसपास के गांवों को सुरक्षित रखने के लिए शीघ्र ही एक विस्तृत परियोजना प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। प्रस्ताव को शासन को भेजकर धन आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिसके बाद कटान-रोधी कार्य शुरू किए जाएंगे।
चौपाल में मौजूद मोकलपुर, गोबरहां, रामपुर और रामचन्दीपुर के ग्रामीणों ने कटान की भयावह स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि जल्द रोकथाम के उपाय नहीं किए गए, तो ढाब क्षेत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है। कई घर, खेत और रास्ते कटान की चपेट में आते जा रहे हैं, जिससे लोगों का भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कटान रोकने के लिए तकनीकी सर्वे के आधार पर मजबूत उपाय किए जाएंगे। चौपाल में प्रभाकर कन्नौजिया, अश्विनी सिंह, धीरज यादव के साथ सहायक अभियंता अवनीश कुमार और अवर अभियंता विजय यादव सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।