वाराणसी : यातायात सुधार की दिशा में कदम, कॉलोनियों के गेट खुलेंगे, जाम से मिलेगी राहत

शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और जाम की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर की कॉलोनियों द्वारा लगाए गए बंद गेटों को निर्धारित समय के लिए खोलने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके और आमजन को जाम से राहत मिल सके।
 

वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और जाम की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर की कॉलोनियों द्वारा लगाए गए बंद गेटों को निर्धारित समय के लिए खोलने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके और आमजन को जाम से राहत मिल सके।

नगर आयुक्त ने यह निर्णय अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) की रिपोर्ट के आधार पर लिया है, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि कई प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम का मुख्य कारण कॉलोनियों और आंतरिक गलियों के गेट बंद होना है। रिपोर्ट के अनुसार भोजूबीर, अर्दली बाजार, महावीर मंदिर जैसे अत्यधिक व्यस्त क्षेत्रों में घंटों जाम की स्थिति बनती है, क्योंकि पहले जिन आंतरिक रास्तों का उपयोग वाहन बाईपास के रूप में करते थे, वे अब गेट बंद होने के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। गेट खुलने से वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे और मुख्य चौराहों पर दबाव कम होगा।

इस व्यवस्था को पूरे शहर में लागू करने से पहले प्रथम चरण में कुछ प्रमुख कॉलोनियों को चिन्हित किया गया है। इनमें टैगोर टाउन, भुवनेश्वर नगर और विन्ध्यवासिनी नगर शामिल हैं। इन कॉलोनियों में निर्धारित समयावधि के अनुसार गेट खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि इसके प्रभाव और व्यवहारिकता का आकलन किया जा सके। इसके बाद चरणबद्ध ढंग से अन्य कॉलोनियों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन ने कॉलोनीवासियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए स्पष्ट किया है कि गेट खुलने से सुरक्षा व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया है कि कॉलोनियों के प्रमुख मार्गों पर निगरानी की जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। यातायात सुचारू करने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

समय निर्धारण के तहत भारी यातायात वाले क्षेत्रों में कॉलोनियों के गेट सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि सामान्य यातायात वाले क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक गेट खोलना अनिवार्य होगा। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे कॉलोनीवासियों और उनके प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर इस व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू कराएं।
                                                                                                                                                                                                                                                             

नगर आयुक्त ने कहा कि यह पहल जनहित में की जा रही है। इसका उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बाधा मुक्त बनाना है, साथ ही कॉलोनीवासियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस निर्णय से वाराणसी में जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी।