वाराणसी : नदेसर भूमि विवाद में सपा नेता ने लगाए आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल

नदेसर क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर चल रहा मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। समाजवादी पार्टी के नेता इस्तकबाल कुरैशी ने सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का खंडन करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है और उन्हें विवादित भूमि पर अवैध कब्जाधारी के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।
 

वाराणसी। नदेसर क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर चल रहा मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। समाजवादी पार्टी के नेता इस्तकबाल कुरैशी ने सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का खंडन करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है और उन्हें विवादित भूमि पर अवैध कब्जाधारी के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान इस्तकबाल कुरैशी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग स्वयं विवादित भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और इसी उद्देश्य से उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उनके अनुसार प्लाट संख्या 395 के अभिलेखों के आधार पर प्लाट संख्या 349 की भूमि का बैनामा कराया गया, जबकि संबंधित भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित बताई जाती है, जहां डस्टबिन, यूरिनल, पार्क और रास्ता दर्ज है।

सपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि विवादित भूमि को लेकर उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस घटना का उल्लेख मुकदमे में किया गया है, उस समय उनके छोटे भाई न्यायालय में वकालत कर रहे थे, जबकि वह स्वयं एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल थे। उनके अनुसार परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कार्यस्थल पर मौजूद थे, इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस्तकबाल कुरैशी ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, भूमि अभिलेखों की सत्यता की जांच करवाने तथा यदि जांच में किसी व्यक्ति या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।