वाराणसी : सपा जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव ‘नत्थू’ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, क्षेत्र में शोक, परिजनों ने की पोस्टमार्टम की मांग
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी राजेश यादव ‘नत्थू’ की अचानक मौत से सीर गोवर्धनपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी मौत की परिस्थितियों पर परिजनों ने संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और परिचितों की भीड़ बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय पहुंच गई। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जिला पंचायत सदस्य चंदा देवी के पति राजेश यादव ‘नत्थू’ पहड़िया में चल रही मतगणना से जुड़े कार्य के सिलसिले में गए थे। वहां से निकलने के बाद वह राजातालाब क्षेत्र के भदवर स्थित अपने एक मित्र के घर पहुंचे। बताया जाता है कि वहां उन्होंने अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही। इसी दौरान उन्हें उल्टी हुई और मुंह से झाग निकलने लगा। उनकी हालत बिगड़ती देख मौजूद लोग उन्हें तत्काल हेरिटेज अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह
राजेश यादव के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की, ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके। हालांकि, उनकी मौत की वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मिलनसार स्वभाव के लिए थे चर्चित
राजेश यादव ‘नत्थू’ को क्षेत्र में समाजसेवी और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। वह लोगों के सुख-दुख में शामिल होते थे। उनके निधन की खबर से सीर गोवर्धनपुर और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल छा गया। परिचितों और समर्थकों ने अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। राजेश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी चंदा देवी जिला पंचायत सदस्य हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। पति के असामयिक निधन से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
अस्पताल पहुंचे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोग
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री डॉ. बहादुर यादव, पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, सूबेदार सिंह, दीनू सिंह, राजन सिंह, आनंद मोहन गुड्डू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमित सोनकर, अमन यादव, सीर गोवर्धनपुर के पूर्व प्रधान संतोष कुमार यादव, भाजपा नेता सुरेश सिंह और पार्षद प्रतिनिधि राम सिंह ‘कल्लू’ समेत बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे।