वाराणसी : अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, ले जा रहा था बिहार
वाराणसी। सिगरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाई जा रही 14.4 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 180-180 मिलीलीटर की कुल 80 बोतल 'आफ्टर डार्क' ब्रांड की अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि विजय नगर मार्केट की ओर से एक व्यक्ति काले बैग में अवैध शराब लेकर कैंट रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस टीम पिलर संख्या 61-62 के पास पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की निगरानी शुरू कर दी। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मो. अकील निवासी खगौल बड़ी बदलपुरा, थाना खगौल, जिला पटना (बिहार) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके बैग से 80 क्वार्टर बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 14.4 लीटर निकली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वाराणसी से कम कीमत पर शराब खरीदकर बिहार ले जाता था, जहां शराबबंदी होने के कारण उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस को देखकर पकड़े जाने के डर से वह भागने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 270/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। पुलिस उसके संपर्कों और तस्करी के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।