वाराणसी : कम्पोजिट विद्यालय सरसौल में शिक्षा चौपाल, बच्चों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम
वाराणसी। चिरईगांव ब्लाक के छितौनी संकुल अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय सरसौल में गुरुवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद कम्पोजिट विद्यालय अम्बा के छात्र-छात्राओं ने शिव ताण्डव की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
शिक्षा चौपाल के दौरान संकुल के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच देना और शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर एआरपी उमेश त्रिपाठी ने शिक्षा चौपाल में लगाए गए निपुण आधारित टीएलएम मेले का अवलोकन किया और छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षकों को नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर देने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रीता यादव, नीतू राय, प्रमोद पाण्डेय, विनोद कुमार, हंसराज सिंह, दिव्या मिश्रा और रंजीत कुमार का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन गिरीश यादव ने किया।