वाराणसी : बिडवार प्रीमियर लीग में नन्हे खिलाड़ियों का जलवा, रुद्रास और यूनिक अवेंजर्स ने जीती ट्रॉफी
सीनियर फाइनल में तीन रन से मिली जीत, आदित्य श्रीवास्तव की 42 रन की विस्फोटक पारी बनी निर्णायक
जूनियर में सीसीसी रुद्रास ने लोटस फिट इन को हराया
वाराणसी। सिगरा स्थित पिच एंड पैडल में आयोजित बिडवार प्रीमियर लीग (बीपीएल) किड्स बॉक्स क्रिकेट एडिशन सीजन-1 के दूसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में नन्हे क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बिडवार एवं केवी टेकमीडिया की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सीसीसी रुद्रास जूनियर और सीनियर वर्ग में यूनिक अवेंजर्स सीनियर ने खिताब पर कब्जा जमाया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और टीमवर्क से दर्शकों का ध्यान खींचा।
सीनियर वर्ग का फाइनल यूनिक अवेंजर्स सीनियर और सनबीम एकेडमी सीनियर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूनिक अवेंजर्स ने बिना विकेट गंवाए छह ओवर में 60 रन बनाए। टीम के ओपनर आदित्य श्रीवास्तव ने महज 21 गेंदों पर 42 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि दिव्यांश सिंह ने 13 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनबीम एकेडमी की शुरुआत खराब रही। तीन ओवर में 22 रन पर तीन विकेट गिर गए। इसके बाद किरण कुमार सिंह ने तेज बल्लेबाजी कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन टीम लक्ष्य से तीन रन पीछे रह गई। शानदार प्रदर्शन के लिए आदित्य श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जूनियर वर्ग के फाइनल में सीसीसी रुद्रास जूनियर ने लोटस फिट इन जूनियर को छह विकेट से हराकर ट्रॉफी जीती। पहले गेंदबाजी करते हुए रुद्रास ने विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को शुरुआती ओवरों में ही झकझोर दिया। लोटस फिट इन की टीम 3.3 ओवर में पांच रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। विभोर बेरी ने संघर्ष करते हुए टीम का स्कोर 19 रन तक पहुंचाया और रुद्रास के सामने 20 रन का लक्ष्य रखा। रुद्रास ने लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। आठ रन बनाने और एक विकेट लेने वाले अथर्व शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
सेमीफाइनल में भी दिखा खिलाड़ियों का दम
जूनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में लोटस फिट इन ने काशी स्ट्राइकर्स को तीन विकेट से हराया। रितिक राठौर ने 22 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया। दूसरे सेमीफाइनल में सीसीसी रुद्रास ने सनबीम सनसिटी को पांच विकेट से हराया। तीन विकेट लेने वाले अथर्व शर्मा मैन ऑफ द मैच बने।
सीनियर वर्ग में यूनिक अवेंजर्स ने सनबीम सनसिटी को 12 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। सनबीम सनसिटी के ऐश्वर्या मित्तल ने 18 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। दूसरे सेमीफाइनल में सनबीम एकेडमी ने सीसीसी रुद्रास को 13 रन से हराया। इस मुकाबले में आयुष मीणा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को क्रिकेट के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करना है। लीग ने युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।