वाराणसी: दो दिन में खत्म हो जाएगी संपत्तिकर में छूट की मियाद, 15 जुलाई तक टैक्स जमा करने पर 12 फीसदी की मिलेगी छूट
वाराणसी। नगर निगम द्वारा गृहकर, जलकर और सीवरकर पर दी जा रही विशेष छूट का लाभ उठाने के लिए अब केवल दो दिन का समय शेष रह गया है। नगर निगम ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे 15 जुलाई से पहले अपना कर जमा कर छूट का लाभ अवश्य लें। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद करदाताओं को पूरा टैक्स जमा करना होगा।
छूट की अंतिम तिथि नजदीक आते ही नगर निगम के कर संग्रह केंद्रों और ऑनलाइन पोर्टल पर करदाताओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। सोमवार को ही शहर के करीब 3,200 भवन स्वामियों ने तीन करोड़ रुपये का संपत्तिकर जमा किया। वहीं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में 27 भवन स्वामियों ने नगर निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से अपने भवनों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन भी किया।
नगर निगम के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 66,342 भवन स्वामियों ने कुल 50.41 करोड़ रुपये का संपत्तिकर जमा किया है। इनमें 27,757 भवन स्वामियों ने ऑनलाइन माध्यमों से भुगतान करते हुए 28.50 करोड़ रुपये निगम के खाते में जमा किए हैं। इससे स्पष्ट है कि डिजिटल भुगतान के प्रति नागरिकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर सभी उपभोक्ताओं को 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अलावा यदि भुगतान डिजिटल माध्यमों जैसे यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से किया जाता है तो 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी। इस प्रकार ऑनलाइन भुगतान करने वाले करदाताओं को कुल 12 प्रतिशत तक की रियायत का लाभ प्राप्त होगा।
नगर निगम ने करदाताओं की सुविधा के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट (86018 72601) भी उपलब्ध कराया है। इस नंबर पर केवल "Hi" भेजने पर उपभोक्ताओं को उनका डिजिटल बिल प्राप्त हो जाएगा, जिसके माध्यम से वे घर बैठे सुरक्षित और आसान तरीके से कर का भुगतान कर सकते हैं। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए समय रहते टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठाएं।