वाराणसी : संविधान की शपथ लेकर पुलिसकर्मियों ने दोहराई निष्पक्ष सेवा और सुरक्षा की प्रतिबद्धता, जोन कार्यालय से लेकर थानों तक न्याय, स्वतंत्रता के मूल्यों के पालन का लिया संकल्प
वाराणसी। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न पुलिस कार्यालयों और थानों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों, मौलिक कर्तव्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प लिया।
जोन कार्यालय में सुबह 11 बजे आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया। इस दौरान सभी ने सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता के संवैधानिक आदर्शों को बनाए रखने की शपथ ली। पुलिसकर्मियों को संविधान की भावना के अनुरूप आमजन की सेवा, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में गोमती जोन कार्यालय में अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को विधि के शासन के प्रति प्रतिबद्ध रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी से करना चाहिए। गोमती जोन के सभी थानों में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई गई।
वहीं, रामनगर थाना परिसर में थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने एक स्वर में संवैधानिक आदर्शों के पालन तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी ने सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने संविधान की भावना के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक नागरिक के साथ समान व्यवहार करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।