वाराणसी : मिंट हाउस चोरी प्रकरण में पुलिस को सफलता, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित नदेसर के मिंट हाउस परिसर में संचालित रेलवे कैटरिंग प्रतिष्ठान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रतिष्ठान संचालक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलित किए और आरोपी की तलाश में अभियान चलाया। इसी क्रम में कैंट पुलिस टीम ने बिहार के बेगूसराय निवासी प्रशांत कुमार सिंह को कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी से संबंधित नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पाण्डेय, उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल प्रिंस तिवारी तथा कांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी शामिल रहे।