वाराणसी : ट्रेन पर पत्थरबाजी, यात्री को लगी गंभीर चोट, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। हरदत्तपुर और बनारस रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने से एक यात्री घायल हो गया। गाड़ी संख्या 15672 के कोच एस-3 में सफर कर रहे करीब 29 वर्षीय यात्री के सिर में पत्थर लगने से चोट आई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ट्रेन हरदत्तपुर-बनारस के बीच समपार फाटक संख्या 7सी के पास किलोमीटर संख्या 213/28 से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया, जो एस-3 कोच में बैठे यात्री के सिर में लगा। रेसुब पोस्ट बनारस के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्टेशन मास्टर, ट्रेन मैनेजर, पेंट्रीकार मैनेजर और संबंधित फाटक पर तैनात गेटमैन से पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई।
जांच में पता चला कि घायल यात्री बनारस स्टेशन पर ही ट्रेन से उतरकर चला गया था। पेंट्रीकार मैनेजर के पास यात्री का नाम, पता और मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं था। इस कारण घायल की पहचान और उसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। आरपीएफ ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा संख्या 538/26, धारा 153 रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद संबंधित क्षेत्र के ग्राम प्रधानों से संपर्क कर ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी और अन्य अवांछित गतिविधियों के खतरों के प्रति जागरूक किया गया। ग्राम प्रधानों ने ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना आरपीएफ को देने का भरोसा दिलाया।
वहीं, समपार फाटक संख्या 7सी के पास अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करते मिले एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 147 रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 500 रुपये जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ ने आमजन से रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी न करने और ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल सुरक्षा बल को देने की अपील की है।