वाराणसी : पंचायत सहायकों ने सांसद प्रिया सरोज को सौंपा मांग पत्र, मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण की उठाई मांग
वाराणसी। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन, पिंडरा विकासखंड के प्रतिनिधियों ने बुधवार को मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज से उनके आवास पर मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि पंचायत सहायक लंबे समय से बेहद कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनके मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने के साथ-साथ नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की आवश्यकता है। उनका कहना था कि ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और डिजिटल सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाने में पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पा रहा है।
पंचायत सहायकों ने मांग की कि उनसे गैर विभागीय कार्य न कराए जाएं, जिससे वे अपने मूल दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें। इसके अलावा ग्राम सचिवालयों में इंटरनेट, इन्वर्टर, कंप्यूटर उपकरणों सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। उनका कहना था कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ऑनलाइन कार्यों और सरकारी सेवाओं के संचालन में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सांसद प्रिया सरोज ने पंचायत सहायकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और जनसेवा से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आवश्यक है। इस दौरान पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के पिंडरा ब्लॉक अध्यक्ष निखिल पटेल, महामंत्री अभिषेक पटेल, कोषाध्यक्ष चंदन कुमार भारती, विशाल, संदीप कुमार, संत सीलकोबीड, पंकज यादव, साहबलाल, चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक उपस्थित रहे।