वाराणसी : गंगा पार रेती पर चला महाअभियान, नमामि गंगे और नगर निगम ने हटाया एक टन कचरा
वाराणसी। बाढ़ के मौसम से पहले गंगा को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से नमामि गंगे और नगर निगम की ओर से गंगा के दूसरे छोर स्थित रेतीले तट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों और नगर निगम की टीम ने श्रमदान करते हुए लगभग एक हजार किलोग्राम कचरा एकत्र किया, जिसे सुरक्षित तरीके से निस्तारित करने के लिए नगर निगम की नाव के माध्यम से प्रसंस्करण केंद्र भेजा गया।
स्वच्छता अभियान के दौरान रेतीले किनारों पर फैली पॉलीथिन, प्लास्टिक की बोतलें, पुराने कपड़े, डायपर, पूजन सामग्री, निर्माल्य तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को हटाया गया। अभियान का उद्देश्य बाढ़ के दौरान इन अपशिष्ट पदार्थों के गंगा में बहकर प्रदूषण फैलाने की आशंका को रोकना था।
अभियान के दौरान गंगा पार मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने "सबका साथ, हो गंगा साफ" का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि गंगा तट पर भ्रमण या पूजा-अर्चना के बाद कचरा इधर-उधर न छोड़ें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा के उस पार भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। लोग यहां शांति और आध्यात्मिक सुकून की तलाश में आते हैं, लेकिन अनजाने में अपने पीछे गंदगी छोड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि सदियों से मां गंगा मानवता को जीवन देती आई हैं, इसलिए उन्हें स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
अभियान में नमामि गंगे महानगर प्रभारी पुष्पलता वर्मा, शिवम रावत, देवेंद्र कुमार, शिवम कश्यप, अरुण कुमार, नगर निगम के सुपरवाइजर कामेश्वर सेठ, रिंकू सेठ, दिनेश चौधरी, सुनील कुमार, गोपाल, महेंद्र साहनी, हेमवती, रेखा, मंजू, लखी देवी सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।