वाराणसी : ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत के साथ निकले मुहर्रम जुलूस, कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक हुए ताजिए, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुहर्रम के अवसर पर वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में ताजिया जुलूस निकाले गए। विभिन्न गांवों के इमाम चौकों से ताजियों को उठाकर पारंपरिक जुलूस के साथ इमामबाड़ों और कर्बला तक ले जाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा।
 

वाराणसी। मुहर्रम के अवसर पर वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में ताजिया जुलूस निकाले गए। विभिन्न गांवों के इमाम चौकों से ताजियों को उठाकर पारंपरिक जुलूस के साथ इमामबाड़ों और कर्बला तक ले जाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा।

चिरईगांव क्षेत्र के जाल्हूपुर, सरसौल, धन्नीपुर, कमौली, चिरईगांव, नरपतपुर, डूबकियां, उमरहां सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में इमाम चौकों पर स्थापित ताजियों को श्रद्धालुओं ने पूरे सम्मान के साथ उठाया। जुलूस में शामिल मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। "या हुसैन" के नारों और मातमी धुनों के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद ताजियों को इमामबाड़ों में ठंडा कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया गया।

वहीं मिर्जामुराद क्षेत्र में करधना, गौर, बेनीपुर, मुबारकपुर (इस्लामपुर), दुधवा, पिलोरी, मेहदीगंज, पूरे सहित अन्य गांवों से कुल 36 ताजिया जुलूस निकाले गए। सभी ताजियों को निर्धारित कर्बला स्थलों पर शांतिपूर्वक सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

चार वर्ष पूर्व करधना गांव में ताजिया जुलूस के दौरान हुए सांप्रदायिक विवाद को देखते हुए इस बार प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। ताजियादारों की सहमति से संवेदनशील करधना बाजार क्षेत्र को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पार कराया गया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी राजातालाब तथा मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और जंसा थाना प्रभारी ने भारी पुलिस व पीएसी बल के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण किया। राजस्व विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भी आयोजन पर नजर रही।