वाराणसी : बाइक सवार पर जानलेवा हमला कर मोबाइल और नकदी लूटने का आरोप,पुलिस ने आरोपित को पकड़ा
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में लूट और जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से वांछित आरोपी विशाल गुप्ता उर्फ गोलू उर्फ गरमगोदाम को राजातालाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार रात करीब एक बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रानीबाजार-जमुआ रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष है और वह खजुरी हुकुलगंज, थाना लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी का निवासी है।
मोबाइल और नकदी लूटने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल 2025 को महावन के एक सुनसान बगीचे के पास मोटरसाइकिल सवार रमेश सिंह को रोककर विशाल गुप्ता ने अपने साथियों राहुल सिंह और विकास सिंह के साथ हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने रमेश सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद दो मोबाइल फोन और करीब 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना राजातालाब में मुकदमा संख्या 0084/2025 दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही थी।
सात से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ कैंट, सारनाथ और शिवपुर थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, छेड़खानी और शस्त्र अधिनियम समेत सात से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकुर, चंदन, गणेश कुमार पटेल तथा कांस्टेबल रोहित कुमार वर्मा, देवानंद, आलोक सिंह और सोन कुमार शामिल रहे।