वाराणसी: मिर्जामुराद पुलिस ने चोरी की बाइक संग युवक को दबोचा, शादी समारोह से चुराई थी बाइक
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रोहित कुमार गौतम बताया गया है, जो बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर करधना छावनी पानी टंकी के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ग्रे-ब्लैक रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार गौतम (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी ग्राम बसन्तपुर, थाना सिंधौरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त बाइक जनपद जौनपुर के केराकत क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरी की थी और उसे बेचने जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने जब बाइक के चेसिस नंबर की पड़ताल की, तो उसका पंजीकरण नंबर UP62BY4822 पाया गया। इस संबंध में थाना केराकत से संपर्क करने पर पता चला कि उक्त बाइक चोरी का मामला पहले से दर्ज है, जिसमें संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
इस मामले में थाना मिर्जामुराद पर मु0अ0सं0 125/2026 धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा (चौकी प्रभारी करधना), उपनिरीक्षक प्रेम कुमार और कांस्टेबल गोविंद शाह शामिल रहे।