वाराणसी : गंगा पार चला वृहद स्वच्छता अभियान, नमामि गंगे ने सैकड़ों किलो कचरा किया साफ, बाढ़ से पहले स्थायी सफाई व्यवस्था की उठाई मांग

रविवार की साप्ताहिक छुट्टी पर जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग गंगा तट पर सैर और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचे, वहीं नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला इकाई ने गंगापार दशाश्वमेध घाट के सामने वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने रेत और गंगा किनारे से सैकड़ों किलो कचरा एकत्र कर नगर निगम से बाढ़ से पहले इसके समुचित निस्तारण की मांग की।
 

वाराणसी। रविवार की साप्ताहिक छुट्टी पर जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग गंगा तट पर सैर और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचे, वहीं नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला इकाई ने गंगापार दशाश्वमेध घाट के सामने वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने रेत और गंगा किनारे से सैकड़ों किलो कचरा एकत्र कर नगर निगम से बाढ़ से पहले इसके समुचित निस्तारण की मांग की।

नमामि गंगे गंगा विचार मंच के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में कई सामाजिक संस्थाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इनर व्हील क्लब नॉर्थ एवं साउथ, मीरा फाउंडेशन, अखंड हिंद फौज, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि काशी प्रांत, निरंजना फाउंडेशन और शिव शक्ति सेवा फाउंडेशन के सदस्यों ने घंटों श्रमदान कर गंगा तट की सफाई की।

स्वयंसेवकों ने गंगापार रेत से लेकर गंगा के किनारे तक फैली गंदगी को साफ किया। अभियान के दौरान भारी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, कपड़े, डायपर, पूजन सामग्री, निर्माल्य और अन्य ठोस अपशिष्ट एकत्र किए गए। एकत्रित कचरे को लोगों के सामने प्रदर्शित कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई कि वे गंगा किनारे गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। "गंगा को स्वच्छ रखें" और "मां गंगा को प्रदूषित न करें" जैसे नारों के साथ पूरे क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। गंगा मईया के जयकारों और स्वच्छता के संकल्प के साथ दोनों तटों का वातावरण भक्तिमय और प्रेरणादायक बना रहा।

जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने कहा कि यदि समय रहते एकत्र किए गए कचरे का उचित निस्तारण नहीं किया गया तो बाढ़ आने पर यह पूरा कचरा गंगा में बह जाएगा, जिससे नदी प्रदूषित होगी और जलीय जीवों के साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने नगर निगम से गंगापार क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थायी समाधान लागू करने की मांग की।

शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में प्रीति रवि जायसवाल, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, अजय कुमार, डॉ. मनोज मिश्रा, खुशबू जायसवाल, राघवेंद्र, ऋषिकेश, महिमा, सरस्वती मिश्रा, मगन, सत्या, शिवांगी, सूर्यांश, किशन, अंकुर, सत्यम, श्रेया, निष्ठा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर गंगा स्वच्छता का संदेश दिया।