वाराणसी : गंगा में मिला विवाहिता का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

बुधवार की शाम घर से निकली विवाहिता पुष्पा चौधरी (22) का शव शुक्रवार सुबह राजघाट पुल के नीचे गंगा में उतराया मिला। नाविकों की मदद से पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। 
 

रामनगर (वाराणसी)। बुधवार की शाम घर से निकली विवाहिता पुष्पा चौधरी (22) का शव शुक्रवार सुबह राजघाट पुल के नीचे गंगा में उतराया मिला। नाविकों की मदद से पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। 

पुष्पा बुधवार को ही घर से लापता हो गई थी। पति अभिषेक चौधरी ने गुरुवार को रामनगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच बुधवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे नाराज़ होकर पुष्पा घर से निकल गई थी। मृतका की मां पुलयारी देवी, निवासी शेरपुर अदलहाट, मिर्जापुर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के लिए की गई है। उन्होंने बताया कि 16 महीने पहले पुष्पा का विवाह अभिषेक चौधरी से हुआ था, लेकिन विवाह के कुछ महीनों बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। सिकड़ी, अंगूठी और बाइक की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

पुलयारी देवी ने रामनगर थाने में ससुर, सास और जेठ के खिलाफ षड्यंत्र रचकर हत्या करने और शव को गंगा में फेंक देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।