वाराणसी : हाईवे पर ट्रक की टक्कर से विवाहिता की मौत, परिवार में मचा कोहराम 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के पास हाईवे पर शनिवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार विवाहिता की मौत हो गई, जबकि उनके पिता घायल हो गए। मृतका की पहचान मिर्जापुर जिले के चकिया कछवां निवासी सोनी देवी (32) के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के पास हाईवे पर शनिवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार विवाहिता की मौत हो गई, जबकि उनके पिता घायल हो गए। मृतका की पहचान मिर्जापुर जिले के चकिया कछवां निवासी सोनी देवी (32) के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोनी देवी अपने पिता गुलाब पटेल के साथ बीएचयू में भर्ती अपनी जेठानी को देखकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रखौना गांव के पास एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित परिवार और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। सोनी देवी के पांच माह के बेटे के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।