वाराणसी : घर से नाराज विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ी, मचा हड़कंप

रोहनिया थाना क्षेत्र के मुडादेव निवासी विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर उसे नीचे उतारा और परिजनों को सौंप दिया। 
 

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के मुडादेव निवासी विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर उसे नीचे उतारा और परिजनों को सौंप दिया। 

युवती ने कछवा निवासी युवक से डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। पति सउदी अरब में काम करता है। विवाहिता का अपने ससुराल में सास- ससुर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इससे नाराज होकर वह मुडादेव में मायके में चली गई। 

इधर, पति भी चार- पांच दिन से जिस मोबाइल से बात होती थी, उसको स्विच ऑफ कर दिया। इससे नाराज विवाहिता गुरुवार को माधोपुर में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसे मोबाइल टावर पर चढ़ता देख लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी का नहीं सुनी और टावर के ऊपर चढ़ गई। 

सूचना पर चौकी प्रभारी अखरी धर्मेन्द्र राजपूत ने मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर उसे नीचे उतारा। विवाहिता ने बताया कि पति सउदी अरब में रहता है, सास- ससुर परेशान करते हैं। पति ने भी बात करना बंद कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ी थी। समझाने बुझाने पर टावर से नीचे उतर गई। उसे परिजनो को सौंप दिया गया।