वाराणसी : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत, दूसरा घायल

 
 वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बेलवाबाबा बाजार स्थित देवा महाविद्यालय के सामने सुबह लगभग चार बजे के आसपास हुआ। घटना के बाद कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।


चोलापुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर खुर्द निवासी 24 वर्षीय किशन पुत्र रामदयाल अपने साथी अजय के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे किशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था, जिससे हादसा और अधिक घातक साबित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे थाना क्षेत्र के फैंटम दस्ता-53 के पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने किशन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।