वाराणसी : संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिरा युवक, फायर ब्रिगेड की टीम ने किया रेस्क्यू

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में गुरुवार तड़के एक युवक निजी कुएं में गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में गुरुवार तड़के एक युवक निजी कुएं में गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बेनीपुर निवासी मुन्नालाल गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अपने घर के निजी कुएं के पास था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।

रेस्क्यू शुरू करने से पहले फायर कर्मियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लैंप की सहायता से कुएं के भीतर ऑक्सीजन स्तर की जांच की। स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद एक जवान रस्सी के सहारे कुएं में उतरा और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद युवक को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। समय रहते किए गए बचाव अभियान से उसकी जान बच गई।