वाराणसी : वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार स्थित बीआरसी के सामने सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहनसराय से राजातालाब की ओर जाने वाली हाईवे सड़क पर सुबह करीब 4:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और शव क्षत-विक्षत हो जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर राजातालाब चौकी इंचार्ज राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी इंचार्ज के अनुसार मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि वह अर्धविक्षिप्त हो सकता है।
पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। आसपास के थानों और क्षेत्रों में सूचना भेजी जा रही है, ताकि उसकी पहचान हो सके। वहीं फरार अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है।