वाराणसी : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के बैरवन छोटापुरा गांव के सामने स्थित हाईवे रेलवे ओवरब्रिज के पास बुधवार तड़के दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे रेलवे लाइन पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मोहनसराय चौकी प्रभारी अमीर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए गए। तलाशी के दौरान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान लोहता थाना क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी राजेश कुमार विश्वकर्मा (35) पुत्र लालचंद विश्वकर्मा के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।