वाराणसी : घर के बाहर खड़े व्यक्ति पर किया था फायर, अवैध पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार 

सिगरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। सिगरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशस्वी ललित श्रीवास्तव निवासी राजाजीपुरम, थाना तालकटोरा, लखनऊ के रूप में हुई है। उसे गुरुवार की तड़के खरगपुर स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी के होटल शिमला ग्रांड के कमरा संख्या 201 से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार मामला 4 मई 2026 की रात का है। महमूरगंज स्थित अन्नपूर्णानगर कॉलोनी निवासी संजय यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 12:40 बजे वह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की अल्टो कार वहां पहुंची और उसमें सवार व्यक्तियों में से एक युवक ने उतरकर उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करते समय आरोपी ने संजय यादव को जान से मारने की बात भी कही। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों और दुकानों के दरवाजे बंद कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में सिगरा थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक पंकज कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार अग्रहरि सहित सिगरा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।