वाराणसी : मां कालरात्रि का वार्षिक हरियाली श्रृंगार संपन्न, 56 भोग से सजा दरबार

दशाश्वमेध स्थित कालिका गली में मां कालरात्रि का वार्षिक हरियाली श्रृंगार मंगलवार को धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष श्रावण वदी मंगलवार को आयोजित होने वाले इस विशेष श्रृंगार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
 

वाराणसी। दशाश्वमेध स्थित कालिका गली में मां कालरात्रि का वार्षिक हरियाली श्रृंगार मंगलवार को धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष श्रावण वदी मंगलवार को आयोजित होने वाले इस विशेष श्रृंगार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के पुजारी श्री नारायण महाराज ने बताया कि वार्षिक आयोजन के तहत मां कालरात्रि का विभिन्न प्रकार के फूलों और मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद देवी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रात्रि में मां कालरात्रि की भव्य आरती आयोजित की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन के साथ आरती में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजकों के अनुसार इस वार्षिक श्रृंगार में शामिल होने के लिए वाराणसी के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मां कालरात्रि की उपासना शत्रु बाधाओं से मुक्ति, नकारात्मक प्रभावों से बचाव और परिवार में सुख-शांति की कामना के लिए की जाती है। आयोजन के दौरान मंदिर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।