वाराणसी : चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में लावारिस बैग से मिली शराब, जीआरपी और आरपीएफ ने किया बरामद 

छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के बीच मंगलवार को वाराणसी कैंट स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप बरामद की। चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ए-1 कोच की गैलरी में लावारिस हालत में पड़े पिट्ठू बैग से 12 बोतल शराब बरामद हुई। इसमें आठ बोतल व्हिस्की और चार बोतल रम शामिल हैं। कुल नौ लीटर शराब की अनुमानित कीमत 5200 रुपये बताई गई है।
 

वाराणसी। छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के बीच मंगलवार को वाराणसी कैंट स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप बरामद की। चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ए-1 कोच की गैलरी में लावारिस हालत में पड़े पिट्ठू बैग से 12 बोतल शराब बरामद हुई। इसमें आठ बोतल व्हिस्की और चार बोतल रम शामिल हैं। कुल नौ लीटर शराब की अनुमानित कीमत 5200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज जोन एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग के साथ अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम प्लेटफार्म नंबर छह पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां खड़ी ट्रेन संख्या 22356 चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ए-1 कोच की गैलरी में एक पिट्ठू बैग लावारिस हालत में दिखाई दिया।

पुलिसकर्मियों ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की और आवाज लगाकर उसके स्वामी का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें शराब की बोतलें मिलीं।

चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित थी शराब
बैग से रॉयल स्टैग व्हिस्की की 750 एमएल की आठ बोतलें और नैना XXX रम की 750 एमएल की चार बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलों पर 'फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली' अंकित था। पुलिस ने शराब को बैग सहित कब्जे में लेकर विधिवत सील किया और जीआरपी थाने के मालखाने में जमा करा दिया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।