वाराणसी : गंगा सोता में नहीं बिछाई गईं लोहे की चादरें, तपती रेत पर चलने को मजबूर लोग

चिरईगांव क्षेत्र के अम्बा-मोकलपुर गंगासोता मार्ग पर प्रांतीय लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोकलपुर, गोबरहां और रामपुर सहित आसपास के गांवों के लोग जाल्हूपुर बाजार आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन गंगासोता में अब तक लोहे की चादरें नहीं बिछाई गई हैं।
 

वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र के अम्बा-मोकलपुर गंगासोता मार्ग पर प्रांतीय लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोकलपुर, गोबरहां और रामपुर सहित आसपास के गांवों के लोग जाल्हूपुर बाजार आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन गंगासोता में अब तक लोहे की चादरें नहीं बिछाई गई हैं।

स्थिति यह है कि भीषण गर्मी में लोगों को करीब पांच सौ मीटर तक तपती रेत पर पैदल चलकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे लोहे की चादरें महीनों से पड़ी हुई हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण उन्हें बिछाने का कार्य शुरू नहीं किया गया।

स्थानीय निवासी सतीश सिंह, रमेश, सुनीता, मुन्नालाल, लालजी और आशा समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर के समय रेत इतनी गर्म हो जाती है कि पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द लोहे की चादरें बिछाकर आवागमन सुचारु करने की मांग की है। अब देखना यह है कि विभाग इस समस्या पर कब तक ध्यान देता है।