वाराणसी : अग्रहरि समाज की 25वीं सामान्य ज्ञान परीक्षा में सैकड़ों विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

अग्रहरि समाज वाराणसी महानगर की ओर से रविवार को दारानगर स्थित बाल भारती विद्यालय में 25वीं सामान्य ज्ञान परीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में समाज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तर्कशक्ति और समस्याओं को हल करने की योग्यता का आकलन करना रहा।
 

वाराणसी। अग्रहरि समाज वाराणसी महानगर की ओर से रविवार को दारानगर स्थित बाल भारती विद्यालय में 25वीं सामान्य ज्ञान परीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में समाज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तर्कशक्ति और समस्याओं को हल करने की योग्यता का आकलन करना रहा।

प्रतियोगिता में कक्षा नौ से लेकर परास्नातक स्तर तक के विद्यार्थियों को तीन श्रेणियों में शामिल किया गया। सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित एक घंटे 30 मिनट में प्रश्नपत्र हल किया। बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित परीक्षा में सामान्य ज्ञान के साथ विभिन्न आवश्यक विषयों को शामिल किया गया था, ताकि विद्यार्थियों के ज्ञान और तार्किक क्षमता का समग्र मूल्यांकन किया जा सके।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने, प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। परीक्षा का परिणाम 20 अगस्त को घोषित किया जाएगा। इसके बाद पराड़कर भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में तीनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजन में संस्था के वरिष्ठ संरक्षक हरीलाल अग्रहरि, अशोक अग्रहरि, शंभुनाथ अग्रहरि, अध्यक्ष रमेश अग्रहरि, महामंत्री भरत अग्रहरि, कोषाध्यक्ष अनूप कृष्ण अग्रहरि, पिंकू अग्रहरि, युवा अध्यक्ष मनीष अग्रहरि सहित प्रश्नपत्र संयोजक अरुण अग्रहरि, लालचंद अग्रहरि, सत्यम अग्रहरि, शिवम अग्रहरि, विनोद अग्रहरि, सनोज अग्रहरि, विकास अग्रहरि, सागर अग्रहरि और अंकित अग्रहरि ने सहयोग एवं संयोजन किया।