वाराणसी : आदर्श गांव नागेपुर में होली मिलन समारोह, जमकर उड़े अबीर-गुलाल, आपसी सौहार्द और एकता का दिया संदेश
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के आदर्श ग्राम नागेपुर में सोमवार को लोक समिति एवं आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। मुस्लिम समाज के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को होली, रमजान और आगामी ईद की शुभकामनाएं देकर आपसी एकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने सभी का मन मोह लिया। ग्रामीण कलाकारों तथा प्रेरणा कला मंच के कलाकारों ने पारंपरिक होली गीत, लोक संगीत और रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं का देश है और यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। त्योहारों का उद्देश्य समाज में प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा देना है।
राजकीय महिला महाविद्यालय सेवापुरी की प्रोफेसर गीता रानी ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को सकारात्मक संदेश देते हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का संचालन रामबचन ने किया, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने की। स्वागत भाषण श्यामसुंदर मास्टर ने दिया और धन्यवाद ज्ञापन सोनी द्वारा किया गया। पूर्व विधायक महेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन आपसी सद्भाव, एकता और प्रेम के संदेश के साथ हुआ।