वाराणसी : नारियल पानी बताकर पिलाया बैटरी का एसिड, मुकदमा दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर बाजार में नारियल पानी पिलाने के बहाने बैटरी का एसिड पिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। तरल पदार्थ पीने के बाद कारीगर लालमन की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विशुनपुरा गांव निवासी लालमन की दुकान के पास ही छेदी सोनकर की फल की दुकान है। आरोप है कि एक नवंबर 2026 को फल की दुकान पर मौजूद आकाश सोनकर पुत्र नत्थू सोनकर, निवासी उकथी, चौबेपुर ने लालमन को एक तरल पदार्थ पीने के लिए दिया। परिजनों का आरोप है कि नारियल पानी बताकर उन्हें बैटरी का एसिड पिला दिया गया। इसे पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
शुरुआत में परिजन उनका घरेलू और सामान्य उपचार कराते रहे, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।