वाराणसी : गरीबों की मुफ्त फिजियोथेरेपी, जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई का भी उठाएंगे जिम्मा, AIAHPWA की नेक पहल
वाराणसी। गरीब और जरूरतमंद मरीजों को फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ऑल इंडिया एलायड हेल्थ केयर एंड प्रोफेशनल वेलफेयर एसोसिएशन (AIAHPWA) ने पहल की है। एसोसिएशन के तत्वावधान में वाराणसी समेत प्रदेश के 19 जिलों में ऑनलाइन मीटिंग और एजुकेशनल वेबिनार आयोजित किया गया। इसमें फिजियोथेरेपी को आम लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को इसका लाभ दिलाने पर चर्चा हुई।
वेबिनार का मुख्य उद्देश्य एसोसिएशन के कार्यों से फिजियोथेरेपिस्ट सदस्यों को अवगत कराना और उन्हें नियमित रूप से पेशेवर गतिविधियों में लागू करना रहा। इस दौरान फिजियोथेरेपी को और प्रभावी बनाने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों तक इसकी पहुंच बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
AIAHPWA के राष्ट्रीय आयोजक और सत्कार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निदेशक फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अवनीश सिंह ने कहा कि ऐसे गरीब मरीज और उनके बच्चे, जिन्हें लंबे समय तक फिजियोथेरेपी की जरूरत है, उन्हें विभिन्न क्लीनिक और अस्पतालों के माध्यम से निशुल्क थेरेपी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को एसोसिएशन की ओर से फिजियोथेरेपी का कोर्स भी निशुल्क कराने का प्रयास किया जाएगा।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मनीष सिंह ने कहा कि मीडिया कर्मियों और उनके परिजनों को भी ध्यान में रखते हुए फिजियोथेरेपी की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऑनलाइन बैठक में डॉ. अवनीश सिंह, डॉ. मनीष सिंह, कृष्ण मोहन, डॉ. अभिलाषा, प्रीति मौर्या, सौम्या समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।