वाराणसी में फायरिंग कांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार
वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी गोविंद यादव पर चार राउंड फायरिंग की घटना में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित की मां सुमन यादव ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर गुहार लगाई। उन्होंने पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत देते हुए आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 7 मार्च को उनके बेटे गोविंद यादव पर चार राउंड फायरिंग की गई थी। घटना के बाद उन्होंने संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस लापरवाही से परिवार में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उनके बेटे को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram के माध्यम से धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि उनका बेटा एकलौता है और उसकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ है। ऐसे में उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
शिकायत में आर्यन पांडेय, गोलू यादव, आनंद यादव, विशाल शहानी और शंभू शहनी को नामजद आरोपी बताया गया है। बताया जा रहा है कि इस फायरिंग से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
हालांकि, अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। एक बार फिर पुलिस कमिश्नर को दी गई शिकायत के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। अब सभी की नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।