वाराणसी : बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, सिर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस 

राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार गांव में 65 वर्षीय हीरा पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह शौचालय के पास मृत अवस्था में मिले। उनके सिर पर चोट के निशान बताए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
 

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार गांव में 65 वर्षीय हीरा पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह शौचालय के पास मृत अवस्था में मिले। उनके सिर पर चोट के निशान बताए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

हीरा पटेल आराजी लाइन ब्लॉक के पास कचनार के निवासी थे। बाजार में विश्वकर्मा मंदिर के सामने उनका कटरा है, जिसे स्थानीय लोग ‘हीरा कटरा’ के नाम से जानते हैं। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे वह कटरा से घर लौटे थे। इसके बाद शौच के लिए गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शौचालय के पास पहुंचने पर हीरा पटेल मृत अवस्था में पड़े मिले।

बताया गया कि हीरा पटेल अपने बेटे सुभाष के साथ रहते थे। उनके तीन बेटे जयप्रकाश, सुभाष और कमलेश हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। राजातालाब चौकी प्रभारी राजेश मौर्य ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिस स्थान पर हीरा पटेल गिरे मिले, वहां पास में नाली है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि नाली में लगे ईंट-पत्थर से गिरने के दौरान उनके सिर में चोट लगी हो। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने किसी तरह के मारपीट या विवाद की घटना से इनकार किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।