वाराणसी : नशे में धुत चालक ने बाइक को मारी टक्कर, ट्रांसफार्मर से टकराई, दौड़ा करंट, मची अफरातफरी 

पांडेयपुर क्षेत्र में वाहन चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार को हल्की चोटें आईं। वहीं, बाइक के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद उसमें करंट प्रवाहित होने लगा, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे फैंटम दस्ते के जवानों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद बाइक को सुरक्षित तरीके से हटाया गया।
 

वाराणसी। पांडेयपुर क्षेत्र में वाहन चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार को हल्की चोटें आईं। वहीं, बाइक के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद उसमें करंट प्रवाहित होने लगा, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे फैंटम दस्ते के जवानों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद बाइक को सुरक्षित तरीके से हटाया गया।

घायल बाइक सवार नई बस्ती, पांडेयपुर का निवासी बताया गया है। उसे उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय (डीडीयू) में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस से भी उलझा आरोपित चालक
आरोप है कि शराब के नशे में वाहन चला रहा राहुल भारती निवासी बघवानाला, जैतपुरा ने खुद को लॉ का छात्र बताया। घटना की सूचना मिलने पर लालपुर चौकी प्रभारी श्याम यादव ने बैरिकेडिंग कर आरोपित चालक को रोका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस दौरान आरोपित चालक पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया।

हादसे के बाद घायल बाइक सवार के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना ने एक बार फिर नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क पर होने वाले हादसों और जान-माल के खतरे को उजागर किया है।