वाराणसी: कौड़ी माता मंदिर का वार्षिक श्रृंगार, भजन-कीर्तन और भंडारे में उमड़े भक्त

धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में प्राचीन कौड़ी माता मंदिर का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माता का भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन के दौरान विशाल भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में माता की विशेष मंगला आरती का आयोजन किया जाएगा।
 

काशी विश्वनाथ की बहन के रूप में पूजी जाती हैं कौड़ी माता, दक्षिण भारत के श्रद्धालुओं में विशेष आस्था, दर्शन के बिना अधूरी मानी जाती है काशी यात्रा

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में प्राचीन कौड़ी माता मंदिर का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माता का भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन के दौरान विशाल भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में माता की विशेष मंगला आरती का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर मनीष तिवारी ने बताया कि कौड़ी माता को भगवान श्री काशी विश्वनाथ की बहन के रूप में पूजा जाता है। काशी की धार्मिक परंपराओं में माता का विशेष स्थान है। खासकर दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं में कौड़ी माता के प्रति गहरी आस्था है। मान्यता है कि काशी यात्रा के दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन के साथ कौड़ी माता का दर्शन करना भी जरूरी है। इनके दर्शन के बाद ही काशी यात्रा का पुण्य फल पूर्ण माना जाता है। श्रद्धालु माता को कौड़ी अर्पित कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

मां अन्नपूर्णा ने भेंट की थी कौड़ी
मनीष तिवारी ने कौड़ी चढ़ाने की धार्मिक परंपरा के पीछे की मान्यता बताते हुए कहा कि प्राचीन कथा के अनुसार, जब कौड़ी माता भ्रमण करते हुए काशी पहुंचीं तो मां अन्नपूर्णा ने उन्हें भोजन के रूप में कौड़ी प्रदान की थी। इसी प्रसंग से मंदिर में माता को कौड़ी चढ़ाने की परंपरा शुरू हुई। भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए माता के चरणों में कौड़ी अर्पित करते हैं। ऐसी मान्यता है कि माता की कृपा से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है।

काशीवासियों से परंपरा से जुड़ने की अपील
मनीष तिवारी ने कहा कि दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कौड़ी माता के दर्शन-पूजन के लिए काशी आते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर अभी भी कई लोग माता की धार्मिक महत्ता और प्राचीन परंपरा से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। उन्होंने काशीवासियों से मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करने और इस विरासत से अपनी भावी पीढ़ियों को भी जोड़ने की अपील की। वार्षिक श्रृंगार महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।