वाराणसी : आंधी में धराशाई हुआ कबीरचौरा अस्पताल का दशकों पुराना पीपल, ट्रॉली चालक घायल, यातायात ठप
वाराणसी। शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान ने शहर में कई स्थानों पर जनजीवन को प्रभावित किया। इसी दौरान कबीरचौरा स्थित मण्डलीय अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ के धराशायी होते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और अस्पताल के मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे में एक ट्रॉली चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं के कारण विशाल पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ गया और तेज धमाके के साथ सड़क पर आ गिरा। घटना के समय वहां से गुजर रही एक ट्रॉली इसकी चपेट में आ गई। पेड़ की भारी शाखाओं से टकराने के कारण ट्रॉली चालक घायल हो गया। घायल की पहचान विजय केशरी, निवासी प्रह्लाद घाट, वाराणसी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय पार्षद मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।
सूचना मिलने पर नगर निगम और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। नगर निगम के कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया, जबकि पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरवाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क से पेड़ हटाया जा सका और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया।
पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना के बाद शहर में मौजूद पुराने और जर्जर पेड़ों की नियमित जांच और छंटाई की मांग उठाई है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है। फिलहाल घायल ट्रॉली चालक का उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।