वाराणसी : साइबर जालसाजों ने खाते से उड़ाए 2.10 लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के शिवरामपुर गांव निवासी युवक के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने 2.10 लाख रुपये निकाल लिए। रकम कई बार में खाते से निकाली गई। शनिवार सुबह मोबाइल पर बैंक से रुपये कटने के लगातार संदेश मिलने के बाद पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसने साइबर क्राइम हेल्पलाइन और पुलिस से शिकायत की।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के शिवरामपुर गांव निवासी युवक के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने 2.10 लाख रुपये निकाल लिए। रकम कई बार में खाते से निकाली गई। शनिवार सुबह मोबाइल पर बैंक से रुपये कटने के लगातार संदेश मिलने के बाद पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसने साइबर क्राइम हेल्पलाइन और पुलिस से शिकायत की।

शिवरामपुर निवासी शनि यादव का खाता काशी गोमती ग्रामीण बैंक की मिर्जामुराद शाखा में है। शनि यादव के मुताबिक, शनिवार सुबह सोकर उठने के बाद उन्होंने मोबाइल देखा तो खाते से रुपये निकाले जाने के कई मैसेज मिले। बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि शुक्रवार रात उनके खाते से करीब आठ अलग-अलग लेनदेन में कुल 2.10 लाख रुपये निकाले गए हैं।

पीड़ित ने बताया कि रकम निकाले जाने से पहले उनके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी संदिग्ध लिंक का मैसेज मिला। ऐसे में बिना उनकी जानकारी के खाते से रकम निकलने से वह हैरान रह गए। घटना की जानकारी होते ही उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मिर्जामुराद थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी।

थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक से खाते में हुए सभी लेनदेन का विवरण मांगा गया है। साथ ही साइबर सेल की मदद से रुपये निकालने वाले जालसाजों की पहचान और उनके तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।