वाराणसी : सरस्वती शिशु मंदिर में बच्चों ने लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गंगा टास्क फोर्स और नमामि गंगे की पहल, पेड़ की छांव में सैनिकों ने दी पर्यावरण की शिक्षा
वाराणसी। श्रीनगर कॉलोनी, अकथा पहड़िया स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पाठशाला लगी। 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स और नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से ‘पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भागीदारी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
सूबेदार जगदीश चंद और जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में आयोजित पर्यावरण साक्षरता अभियान के दौरान बच्चों को पेड़-पौधों की उपयोगिता, उनकी देखरेख, जल संरक्षण और गंगा निर्मलीकरण के महत्व के बारे में बताया गया। सैनिकों ने पेड़ की छांव में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी।
नन्हे हाथों ने रोपे दर्जनों पौधे
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने फरसा और खुरपी लेकर विद्यालय परिसर में दर्जनों पौधे लगाए। साथ ही सभी विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए, ताकि वे अपने घरों और आसपास पौधों की देखभाल कर सकें। आयोजकों ने बच्चों को समझाया कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और जल संरक्षण भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से परिसर गूंज उठा।
सामूहिक भागीदारी पर जोर
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नलिनी पाठक और प्रधानाचार्या प्रियंका यादव ने पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर गंगा सेवक जय विश्वकर्मा, पद्मावती चतुर्वेदी, ममता सिंह, हृदयांश सिंह, सुरेंद्र सिंह, भीम सिंह और राजेश शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।