वाराणसी : बाबा कीनाराम स्थल में नवमी कन्या व भैरव पूजन के साथ संपन्न हुआ चैत्र नवरात्र

वाराणसी। रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में नौ दिनों तक चले चैत्र नवरात्र का समापन नवमी कन्या पूजन और भैरव पूजन के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
 

वाराणसी। रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में नौ दिनों तक चले चैत्र नवरात्र का समापन नवमी कन्या पूजन और भैरव पूजन के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पीठाधीश्वर के निर्देशन में विधि-विधान से हुआ पूजन
नवमी के दिन सुबह आश्रम परिसर की साफ-सफाई और दैनिक आरती के बाद पीठाधीश्वर परम पूज्य अघोराचार्य महाराजश्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के निर्देशन में कन्या पूजन की शुरुआत हुई। नौ बाल कन्याओं को देवी स्वरूप में सुसज्जित कर प्रतिष्ठित किया गया, वहीं एक बालक को भैरव बाबा के रूप में आसीन कराया गया।

पाद-प्रक्षालन और आरती के साथ श्रद्धा भाव से की गई पूजा
पूजन के दौरान आचार्य श्री प्रकाश जी और आश्रम की वरिष्ठ सदस्या संगीता सिंह की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने कन्याओं और भैरव स्वरूप के चरणों का पाद-प्रक्षालन किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई, जिसमें सभी भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

भोग, जयकारे और भक्तिमय माहौल
पूजन के उपरांत कन्याओं और भैरव स्वरूप को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आश्रम परिसर में ‘जय मां सर्वेश्वरी’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
कार्यक्रम के समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

देश-विदेश से पहुंचते हैं श्रद्धालु, आस्था का प्रमुख केंद्र
गौरतलब है कि बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड न केवल वाराणसी बल्कि देश-विदेश के साधकों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र के दौरान यहां विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।