वाराणसी: सेप्टिक टैंक में गिरी भैंस, घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाली गई
वाराणसी। पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के द्वितीय पड़ाव भीमचंडी में शनिवार देर शाम एक भैंस शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिर गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कई घंटे चले राहत अभियान के बाद भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय निवासी पारसनाथ अपनी भैंस को यात्रियों के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालय के सेप्टिक टैंक के ऊपर बांधते थे। यह शौचालय पंचकोसी परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित कराया गया था। शौचालय के सेप्टिक टैंक का एक हिस्सा ढक्कन लगाने के लिए खुला छोड़ा गया था, लेकिन निर्माण के बाद भी उस पर ढक्कन नहीं लगाया जा सका था।
शनिवार शाम अचानक भैंस संतुलन खोकर लगभग 10 फीट गहरे सेप्टिक टैंक में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान विजय गुप्ता ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। मौके पर पहुंची राहत टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से टैंक के किनारे की मिट्टी हटाई और दीवार तोड़कर भैंस को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 9 बजे भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा पहले भी पंचकोसी मार्ग और धर्मशालाओं के आसपास पशु न बांधने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने निर्देशों का पालन नहीं किया। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते खुले सेप्टिक टैंक को ढका गया होता तो यह घटना टाली जा सकती थी।