वाराणसी : बरात से लौटे युवक का कमरे में पंखे से लटकता मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के बराडीह गांव में बुधवार की रात बरात से लौटकर आए 24 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
बराडीह गांव निवासी भगौती सैनी का पुत्र सूरज सैनी शादी-विवाह के आयोजनों में डीजे और आतिशबाजी का काम करता था। बताया गया कि वह बुधवार की रात बरात से घर लौटा था। इसके बाद कमरे में चला गया। देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो सूरज का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटक रहा था।
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। युवक की किन परिस्थितियों में मौत हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। परिवार के लोग भी इस संबंध में कुछ स्पष्ट नहीं बता सके। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।