वाराणसी : नहर किनारे मिला लापता ट्रॉली चालक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

चोलापुर थाना क्षेत्र के रेचनपुर नहर किनारे मंगलवार सुबह एक लापता ट्रॉली चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्दीपुर निवासी रामधनी राजभर (38) पुत्र रामआसरे के रूप में हुई। वह 23 नवंबर से लापता था। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
 

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के रेचनपुर नहर किनारे मंगलवार सुबह एक लापता ट्रॉली चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्दीपुर निवासी रामधनी राजभर (38) पुत्र रामआसरे के रूप में हुई। वह 23 नवंबर से लापता था। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

रामधनी राजभर ट्रॉली चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। 23 नवंबर को वह घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच मंगलवार सुबह रेचनपुर नहर किनारे उसका शव पड़ा देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की पहचान कराने की कोशिश की। कुछ ही देर में उसकी पहचान रामधनी राजभर के रूप में हो गई। शव मिलने की जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सज्जन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने रामधनी की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।