वाराणसी : भाजपा मनाएगी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी, 10 दिवसीय स्मृति अभियान में होंगे विविध आयोजन

 

 वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी को उत्सव के रूप में मनाने जा रही है। सोमवार को के-सरीपुर, रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा एमएलसी व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 मई को अहिल्याबाई होलकर के जन्मदिवस के अवसर पर 10 दिवसीय त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि तीन सौ वर्ष पूर्व एक चरवाहे के घर जन्मी अहिल्याबाई होलकर दृढ़ इच्छाशक्ति, ईश्वर में अटूट आस्था और वीरता की प्रतीक थीं। वे वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर जनजागरण अभियान शुरू कर उनकी जीवनी और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण के साथ जुटेंगे।

10 दिवसीय अभियान के तहत 19-20 मई को माध्यमिक विद्यालयों में नारी सशक्तिकरण दौड़, भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 21-22 मई को जिला स्तर पर संगोष्ठियां, 23 मई को गंगा आरती व श्रद्धांजलि, 24 मई को प्रदर्शनी, 25-26 मई को पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 1,000 पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मेलन होगा। 29-30 मई को ब्लॉक स्तर पर महिला प्रधान, बीडीसी, स्वयं सहायता समूह और महिला कोटेदारों सहित 500 महिलाओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 31 मई को एनजीओ के सहयोग से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 1,000 से अधिक युवाओं का सम्मेलन होगा, जिसका आयोजन भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में जिला संयोजक संजय सोनकर, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम, जिला मीडिया प्रभारी निकेतन मिश्र, सह-प्रभारी विनोद रस्तोगी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।