वाराणसी : हाईवे पर बीजेपी जिला मंत्री लिखी लावारिस कार मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव के सामने शनिवार को वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर लावारिस हालत में खड़ी एक कार मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने संदिग्ध स्थिति देख तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की।
सूचना मिलते ही खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे किनारे खड़ी टाटा इंडिगो कार को खुलवाकर उसकी तलाशी ली। हालांकि जांच के दौरान वाहन के अंदर कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि यू.पी. 63 क्यू 3040 नंबर की यह कार शुक्रवार दोपहर से ही वहीं खड़ी थी।
कार के शीशे पर "जिला मंत्री भाजपा" लिखा होने के कारण वाहन के किसी राजनीतिक व्यक्ति या पार्टी पदाधिकारी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसके मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि कार के यहां लावारिस खड़े होने के कारणों का पता लगाया जा सके।