वाराणसी : ओवरब्रिज पर अधिवक्ता से मोबाइल छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, केस दर्ज
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के हरपुर ओवरब्रिज के पास शनिवार देर रात बाइक सवार दो बदमाश एक अधिवक्ता से मोबाइल छीनकर रखौना की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मिर्जामुराद पुलिस ने मोबाइल छिनैती का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के करारी भदैनी गांव निवासी अधिवक्ता रत्नेश पांडेय शनिवार रात गाजीपुर से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि हरहुआ की ओर से आते समय वह हरपुर ओवरब्रिज के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उनकी जेब में रखा मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से रखौना की ओर भाग निकले।
मोबाइल छीने जाने के बाद अधिवक्ता ने तत्काल पुलिस के आपात नंबर 112 पर सूचना दी। उनका आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और प्रकरण को रफा-दफा करने का प्रयास किया। इसके बाद अधिवक्ता ने पुलिस कमिश्नर से मामले की शिकायत की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए कमिश्नर के निर्देश पर एडीसीपी नृपेंद्र कुमार देर रात मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद मिर्जामुराद थाने में मोबाइल छिनैती का मुकदमा दर्ज किया गया।