वाराणसी : भरभराकर गिरा मकान का छज्जा, बाल-बाल बचे लोग
वाराणसी। कपसेठी बाजार में सोमवार की भोर एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। तेज आवाज के साथ मलबा सड़क की ओर गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। संयोग अच्छा रहा कि घटना तड़के करीब तीन बजे हुई, उस समय सड़क पर लोगों की आवाजाही नहीं थी। इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कपसेठी थाना क्षेत्र के कपसेठी बाजार में वाराणसी-भदोही मार्ग पर स्थित राजकुमार विश्वकर्मा के मकान का अगला छज्जा सोमवार की भोर अचानक गिर पड़ा। बताया जाता है कि मकान में कई किरायेदार रहते हैं। इसके आसपास कई दुकानें भी संचालित होती हैं। बाजार में दिनभर ग्राहकों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि सज्जा दिन के समय गिरा होता तो दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों की जान पर बन सकती थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भोर में अचानक मकान का छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए और घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मकान के हिस्से को क्षतिग्रस्त देखकर लोग सहम गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि मलबे की चपेट में कोई नहीं आया।
मकान मालिक राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि दीपावली का त्योहार मनाने के बाद परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर एक कमरे में सो रहे थे। सोमवार की भोर अचानक कुछ गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराकर कमरे से बाहर निकले तो देखा कि मकान का अगला छज्जा टूटकर नीचे गिर चुका था। इससे मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि यह महज संयोग था कि घटना रात के समय हुई और सड़क पर सन्नाटा था। दिन में कपसेठी बाजार में काफी चहल-पहल रहती है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ और राहगीरों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में सज्जा गिरने से कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने पर परिवार के साथ ही स्थानीय लोगों ने भी राहत महसूस की।