वाराणसी : महंगाई के बीच छठ की खरीदारी में जुटीं महिलाएं, डाला 200 से बढ़कर 300 रुपये, सूप भी हुआ महंगा
वाराणसी। छठ महापर्व को लेकर वाराणसी में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम दौर में हैं। वहीं, दूसरी ओर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों ने भी पर्व की तैयारियां तेज कर दी हैं। बाजारों में छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सामानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। शहर के पहाड़िया चौराहे पर छठ पूजा के सामानों की दुकानें सज गई हैं। यहां डाला, सूप, कुशा सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाएं और पुरुष पहुंच रहे हैं। हालांकि, इस बार सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों का बजट जरूर प्रभावित किया है, लेकिन आस्था के आगे महंगाई भी छोटी पड़ रही है।
पत्नी के लिए 65 साल की उम्र में भी बाजार पहुंचे
बाबतपुर निवासी 65 वर्षीय श्रीकुमार गिरी पहाड़िया चौराहे पर अपनी पत्नी के लिए डाला और सूप खरीदने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी शादी के बाद से ही पत्नी छठ का व्रत रखती आ रही हैं। हर साल वह पूजा के लिए जरूरी सामान खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि छठ पर लगातार महंगाई बढ़ रही है। इस बार भी बाजार में लगभग हर सामान महंगा है। इसके बावजूद पर्व की परंपरा निभाने के लिए खरीदारी करनी ही पड़ती है। इसी तरह बरेका निवासी फूलन देवी अपनी बहन चिंता देवी के साथ छठ पूजा का सामान खरीदने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि आज ही खरीदारी कर लेनी है, क्योंकि अगले दिन इसके लिए समय नहीं मिल पाएगा।
छठी मैया पर सब न्योछावर
चिंता देवी ने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से छठ महापर्व मना रही हैं। सामान महंगा हो या सस्ता, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। छठी मैया पर सब कुछ न्योछावर है। उनकी कृपा से ही जीवन में सब कुछ है। इस दौरान उन्होंने छठी मैया का पारंपरिक गीत भी गाया और हाथ जोड़कर उन्हें प्रणाम किया।
डाला और सूप के दाम में भी बढ़ोतरी
दुकानदार इंशा गुप्ता ने बताया कि इस बार बाजार में काफी महंगाई है। पहले जिस डाले की खरीदारी 200 रुपये में होती थी, उसकी कीमत अब बढ़कर 280 से 300 रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह पहले 60 रुपये में मिलने वाला सूप अब 100 रुपये का बिक रहा है। कुशा की कीमत भी 120 रुपये तक है। उन्होंने बताया कि इस बार बाजार में सामान की उपलब्धता कम है, लेकिन मांग में कोई कमी नहीं आई है। महंगाई के बावजूद लोग छठ पूजा की सामग्री खरीदने पहुंच रहे हैं।
तस्वीरें...