वाराणसी : हर-हर महादेव के जयघोष के बीच प्रयागराज रवाना हुए कांवरिए, तेरस पर करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

सावन माह की धार्मिक आस्था के बीच मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव से बुधवार को बोल बम कांवरिया संघ का जत्था गंगाजल लेने के लिए प्रयागराज रवाना हुआ। रवाना होने से पहले कांवरियों ने प्राचीन शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गाजे-बाजे और "हर-हर महादेव" के गगनभेदी जयघोष के साथ पूरे गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
 

संवाददाता- सूरज 

वाराणसी। सावन माह की धार्मिक आस्था के बीच मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव से बुधवार को बोल बम कांवरिया संघ का जत्था गंगाजल लेने के लिए प्रयागराज रवाना हुआ। रवाना होने से पहले कांवरियों ने प्राचीन शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गाजे-बाजे और "हर-हर महादेव" के गगनभेदी जयघोष के साथ पूरे गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा के दौरान ग्रामीणों ने कांवरियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। पूरे गांव का माहौल शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ कांवरियों का उत्साहवर्धन किया।

बोल बम कांवरिया संघ के सदस्यों ने बताया कि वे प्रयागराज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए काशी पहुंचेंगे। सावन की तेरस के दिन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर लोककल्याण और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बेनीपुर का बोल बम कांवरिया संघ वर्षों से इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन करता आ रहा है। प्रत्येक सावन में संघ के सदस्य प्रयागराज से गंगाजल लाकर बाबा विश्वनाथ का अभिषेक करते हैं, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।

इस अवसर पर गोलू गुप्ता, राहुल गुप्ता, विशाल गुप्ता, रितेश गुप्ता 'प्रभु', अंकित गुप्ता, शुभम मोदनवाल, सत्या शर्मा, रोहित गुप्ता, रवि गुप्ता, दिव्यांशु, श्यामसुंदर सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे। यात्रियों को शुभकामनाएं देकर ग्रामीणों ने उनकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा की प्रार्थना की।