वाराणसी : विश्व पर्यावरण दिवस से पहले वाराणसी में हरियाली का संदेश, 1100 पौधे लगाने का लिया लक्ष्य

विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सामाजिक संस्था ‘नई सुबह एक उम्मीद’ ने नगवा वार्ड स्थित डुमराव बाग कॉलोनी के तुलसी पार्क में पौधरोपण एवं जनजागरुकता अभियान चलाया। कार्यक्रम “एक पौधा उम्मीद का, एक कदम हरियाली से जलवायु परिवर्तन की ओर” थीम पर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना था।
 

वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सामाजिक संस्था ‘नई सुबह एक उम्मीद’ ने नगवा वार्ड स्थित डुमराव बाग कॉलोनी के तुलसी पार्क में पौधरोपण एवं जनजागरुकता अभियान चलाया। कार्यक्रम “एक पौधा उम्मीद का, एक कदम हरियाली से जलवायु परिवर्तन की ओर” थीम पर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद माधुरी सिंह तथा पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। संस्था अध्यक्ष ममता ने बताया कि संस्था ने अगस्त माह तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 1100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, तभी पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है।

पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाने वाला विश्व पर्यावरण दिवस हमें धरती और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की वैश्विक थीम “भूमि पुनर्स्थापन, मरुस्थलीकरण और सूखा प्रतिरोध” के अनुरूप संस्था हरित क्षेत्र बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

अभियान के दौरान आम, अमरूद, पीपल, बरगद, हरसिंगार, शहतूत, अशोक, जामुन और गुलाब जैसे छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। महिला उत्थान क्षेत्र स्तरीय समिति की अध्यक्ष संध्या पांडे ने कहा कि बढ़ते तापमान और बदलते जलवायु चक्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और क्षेत्रीय नागरिकों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए। संस्था के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पौधरोपण और संरक्षण के लिए जागरूकता भी फैलाई। अभियान में संस्थापक विजय कुमार, मोहम्मद अनीस, विजय सिंह, रवि कुमार, सुमित बिंद, करम भारती, पूजा देवी और पायल सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। डॉ. रमेश भाटिया, अरुण कुमार सिंह, मंजू गुप्ता, प्रशांत सिंह, संदीप कुमार, देवी प्रजापति, हरिनाथ और दिलीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।